
गंडक में 4 लाख क्यूसेक पानी आने की संभावना, डीएम ने तटबंधों का किया निरीक्षण
सारण, 26 सितंबर 2026। नेपाल में हुई अतिवृष्टि के कारण गंडक नदी में करीब 4 लाख क्यूसेक पानी आने की संभावित स्थिति को देखते हुए सारण जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जलस्तर में संभावित वृद्धि को लेकर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों और अभियंताओं को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया है।
डीएम ने बाढ़ प्रभावित दरियापुर प्रखंड के मगरपाल छड़की सहित जलस्तर बढ़ने की संभावना वाले क्षेत्रों में विभिन्न तटबंधों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ नियंत्रण एवं सुरक्षात्मक कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को संभावित स्थिति को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण और सुरक्षात्मक कार्यों में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक सामग्रियों का पर्याप्त मात्रा में भंडारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने तटबंधों का नियमित और लगातार निरीक्षण तथा पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से तटबंधों पर किसी भी प्रकार के सीपेज, दरार या कमजोर स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल निरोधात्मक और सुरक्षात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को संभावित जलवृद्धि पर लगातार नजर रखने और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी रखने को कहा है।
प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी अधिकारियों और अभियंताओं को अलर्ट मोड में रहने तथा तटबंधों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Chapra, Saran | Sep 26, 2026