
बेगूसराय होटल कांड में दो आरोपित न्यायिक हिरासत में,भेजे गये जेल
#बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के होटल ब्लू डायमंड में महिला के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने और जान से मारने की कोशिश के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया. प्रभारी सीजेएम विवेक चंद्र वर्मा के न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपितों रोहित सहनी और विक्रम सहनी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेगूसराय जेल भेज दिया गया.
दोनों आरोपितों को पुलिस ने न्यायालय में किया पेश
जिला अभियोजन पदाधिकारी मदन मोहन दास के अनुसार, दोनों आरोपितों के विरुद्ध पुलिस को पुख्ता साक्ष्य मिले हैं. नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपितों को लेकर न्यायालय पहुंची, जहां न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
27 सितंबर को महिला को होटल ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि 27 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे पीड़िता स्वयं सहायता समूह में दिये गये लोन के पैसे की वसूली के लिए घर से निकली थी. इसी दौरान आरोपित विक्रम सहनी उसे मोटरसाइकिल से अलका सिनेमा के पास ले गया. वहां दूसरा आरोपित रोहित कुमार सहनी पहले से मौजूद था.आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपित महिला को होटल ब्लू डायमंड ले गये, जहां उसके साथ मारपीट की गयी और जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया. मामले में अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने तथा जान से मारने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है.