
#नालंदा - पावापुरी में मोबाइल झपटमारी का खुलासा, तीन आरोपी हुआ गिरफ्तार
छिनतई किया गया वनप्लस मोबाइल बरामद, तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने दबोचा
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
पावापुरी थाना पुलिस ने एनएच-20 स्थित अभिलाषा होटल ओवरब्रिज के पास हुई मोबाइल झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर घटना में छिनतई किया गया वनप्लस नॉर्ड कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इसके अलावा आरोपितों के पास से वीवो और रियलमी कंपनी के दो अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को करीब 11 बजे दिन में पावापुरी थाना को सूचना मिली थी कि एनएच-20 स्थित अभिलाषा होटल ओवरब्रिज के समीप अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति से झपट्टा मारकर वनप्लस नॉर्ड कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। घटना के संबंध में गिरियक (पावापुरी) थाना कांड संख्या 466/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 के तहत धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में दीपनगर थाना क्षेत्र के जोरारपुर गांव से राजू पासवान उर्फ राजीव पासवान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में संलिप्त अन्य आरोपित अमित कुमार और ओम कुमार को भी विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजू पासवान उर्फ राजीव पासवान (26), पिता दयानंद पासवान, निवासी जोरारपुर, थाना दीपनगर; अमित कुमार (26), पिता सुनील प्रसाद, निवासी नवीनगर, थाना दीपनगर तथा ओम कुमार (19), पिता दिनेश नोनिया, निवासी उमेद नगर, थाना दीपनगर, जिला नालंदा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर छिनतई किया गया वनप्लस नॉर्ड कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया। इसके अलावा वीवो और रियलमी कंपनी के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद मोबाइल फोन के संबंध में भी जांच कर रही है कि वे किसी अन्य घटना से संबंधित हैं या नहीं।
इस कार्रवाई में पावापुरी थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक विमल कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक रामजी प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह सहित पावापुरी थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई और अनुसंधान किया जा रहा है।
Rahui, Nalanda | Sep 30, 2026