
जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के निदेशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा नवादा जिला अंतर्गत एक साथ विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में नवादा शहरी क्षेत्र में अभियान के तहत एनएच के समीप अकौना,भगत सिंह चौक, सद्भावना चौक इत्यादि स्थलों पर यत्र - तत्र अवैध वाहन पार्किंग, अनियमित वाहन परिचालन तथा अन्य यातायात नियमों के विरुद्ध वाहन परिचालन करने वाले वाहन स्वामियों पर शमन की कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपए से अधिक की राशि का चालान कर शमन की कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार एमवीआई के द्वारा रजौली क्षेत्र में अभियान चलाकर मोटरयान एक्ट के उल्लंघन करने वाले वाहनों से लगभग रुपये 03 लाख से ज्यादा राशि की शमन की कार्रवाई की गई। हिसुआ बाजार में भी विश्व शांति चौक पर चेकिंग अभियान चलाया गया।वाहन स्वामियों/बस संचालकों को नवनिर्मित बस स्टैंड से वाहन परिचालन हेतु पूर्व में ही निर्देश दिए गए तथा अपील किया गया है कि चौक के पास स्थित पुराने बस स्टैंड पर वाहन पार्किंग नहीं करें ताकि हिसुआ बाजार में वाहन पार्किंग,परिचालन तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करवाया जा सके।
ऐसा देखा जा रहा है कि श्रावण मास में देवघर के लिए बस और विभिन्न वाहन से यात्रा कर रहे कांवरियो के द्वारा क्षमता से अधिक सवारी के साथ यात्रा कर रहे है तथा तेज आवाज में वाहनों पर संगीत बजाते है। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी कावड़ियों से अपील किया गया है कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें तथा वाहनों से यात्रा करते समय तेज आवाज में संगीत नहीं बजायें तथा क्षमता अनुरूप वाहन की सवारी करें।
बताते चले कि माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेश के आलोक में जिला पदाधिकारी के निदेशानुसार नवादा से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन के सहयोग से एनएचएआई द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। अकौना निजामत, अकौना मिन्हाई में अवैध स्थाई संरचना को हटाया गया है। पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों विशेषकर अतिक्रमणकारियों से पुनः अपील किया है कि सभी प्रकार के अतिक्रमण स्वयं हटा लें तथा एनएच पर अवैध रूप से पार्क किए गए ट्रको/बसो को अविलंब हटवा लें।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 15, 2026