
बस्ती समाचार
बस्ती पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा रेलवे ट्रैक पर जान देने पहुंचे युवक को मुख्य आरक्षी ने बचाया
बस्ती। जनपद बस्ती के थाना वाल्टरगंज पुलिस की सजगता और तत्परता से शनिवार को एक व्यक्ति की जिंदगी बच गई। काम न मिलने से हताश होकर रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या के इरादे से पहुंचे युवक को मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) ने अपनी जान पर खेलकर एन वक्त पर पटरी से सुरक्षित हटा लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार (3 अक्टूबर 2026) को ग्राम प्रहरी बहेरिया ने वाल्टरगंज पुलिस को सूचना दी कि बहेरिया गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में टहल रहा है और आने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना वाल्टरगंज पर तैनात मुख्य आरक्षी सन्तोष यादव बिना एक पल गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचे।
जिस समय सिपाही मौके पर पहुंचे, उसी दौरान ट्रैक पर एक मालगाड़ी तेजी से आ रही थी और युवक पटरी पर ही खड़ा था। मुख्य आरक्षी सन्तोष यादव ने अदम्य साहस और तत्परता दिखाते हुए मालगाड़ी के पहुंचने से ठीक पहले युवक को खींचकर सुरक्षित बचा लिया।
काम न मिलने से तनाव में था युवक
स्थिति सामान्य होने पर जब पुलिस ने युवक से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम सूरज पुत्र स्व० जगदीश प्रसाद अग्रवाल, निवासी ओरीजोत गांधीनगर (थाना कोतवाली, जनपद बस्ती) बताया। सूरज ने बताया कि वह सुबह करीब 9:00 बजे काम की तलाश में घर से निकला था। काम न मिलने से मानसिक रूप से परेशान होकर वह वाल्टरगंज क्षेत्र के बहेरिया चौराहे के पास रेलवे पटरी पर आत्महत्या करने पहुंच गया था।
परिजनों को सौंपा गया, बस्ती पुलिस की हुई सराहना
पुलिस टीम युवक को थाने लाई और उससे परिजनों का संपर्क नंबर प्राप्त कर घटना की सूचना घर पर दी। सूचना मिलते ही सूरज की पत्नी (अपने 2 वर्षीय मासूम बच्चे के साथ) और उसकी मां तत्काल वाल्टरगंज थाने पहुंचीं। आवश्यक प्रक्रिया के बाद पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
Basti, Basti | Oct 3, 2026