
हिंगराज चिराग के शैक्षिक नवाचार से 96 प्राथमिक विद्यालयों के 818 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
Suneel Pahadi ✍️
सलूणी (चंबा)।
शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोगों और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित शिक्षक हिंगराज चिराग ने एक सराहनीय शैक्षिक पहल शुरू की है। उनके इस नवाचार से शिक्षा खंड सलूणी, जिला चंबा के 96 प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा पाँचवीं के 818 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
हिंगराज चिराग ने इन विद्यार्थियों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV), सैनिक स्कूल तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाई है। यह अध्ययन सामग्री आज खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (BEEO), सलूणी के माध्यम से संबंधित विद्यालयों तक उपलब्ध करवाई गई। इस पूरी पहल में होने वाले खर्च का वहन हिंगराज चिराग ने अपनी स्वयं की वेतन राशि से किया है।
इस पहल की विशेषता केवल अध्ययन सामग्री तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास करवाने के लिए वर्कशीट और OMR शीट भी उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि छोटी कक्षा से ही बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया और परीक्षा-पद्धति से परिचित करवाया जा सके।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की भी व्यवस्था की गई है। इस ऑनलाइन पहल से हिमाचल प्रदेश का कोई भी इच्छुक विद्यार्थी जुड़ सकता है। विद्यार्थियों की शैक्षिक जिज्ञासाओं और समस्याओं के समाधान के लिए अभिभावकों, संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों तथा राष्ट्रीय स्तर के मेंटरों के सहयोग से मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
हिंगराज चिराग का मानना है कि यदि बच्चों को प्राथमिक कक्षा से ही सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल जाए, तो ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थी भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें साकार कर सकते हैं।
आकांक्षी जिला चंबा के सलूणी जैसे दूरदराज क्षेत्र में शुरू की गई यह पहल निश्चित रूप से विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाली है। छोटी कक्षा में मिलने वाला यह अतिरिक्त शैक्षिक प्रोत्साहन भविष्य में इन बच्चों को अपने परिवार, समाज और देश के लिए अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम उपयोग करने की दिशा में प्रेरित कर सकता है।
हिंगराज चिराग की यह पहल इस संदेश को मजबूत करती है कि एक शिक्षक की सोच और सकारात्मक प्रयास सैकड़ों विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।
Pahadi News Suneel Pahadi ✍️
Chamba, Chamba | Oct 1, 2026