असरजाना में खेल मैदान की मांग को लेकर प्रदर्शन
नोहर। गांव असरजाना के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में फुटबॉल खेल मैदान की व्यवस्था बहाल करवाने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों व खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय की चारदीवारी के अंदर ग्राम पंचायत के बजट से तैयार मैदान पर क्षेत्र के दर्जनों खिलाड़ी जिला व राज्य स्तर तक पहुंचे हैं। भूमि विवाद के चलते पैमाइश के बाद मैदान का कुछ हिस्सा प्रभावित होने से खिलाड़ियों में रोष है।
ज्ञापन में प्रशासन से नियमानुसार वैकल्पिक भूमि उपलब्ध करवाकर खेल मैदान बहाल करने की मांग की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समाधान नहीं होने पर 1 अक्टूबर से फुटबॉल खिलाड़ी भूख हड़ताल शुरू करेंगे।