
नवरात्र मेला की तैयारियों को लेकर एसडीएम संयम गर्ग ने ली बैठक
अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
पंचकूला/कालका 1 अक्तूबर: कालका के एसडीएम श्री संयम गर्ग ने आज अपने कार्यालय में आगामी 11 अक्तूबर से शुरू होने वाले अश्विन नवरात्र मेला की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की और संबंधित अधिकारियों को मेले के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग नवरात्र मेला शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने नवरात्रों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए।
श्री संयम गर्ग ने जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग को मेले के दौरान स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तथा बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर परिसर की साफ-सफाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) को मंदिर तक जाने वाली सड़क की आवश्यकतानुसार मरम्मत करवाने तथा सड़क पर पड़े गड्ढों को भरने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए मंदिर परिसर में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा अस्थाई डिस्पेंसरी स्थापित की जाए। इसके साथ ही, रोटेशन के आधार पर 24 घंटे डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी भी लगाई जाए। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में अग्निशमन वाहनों की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि नवरात्रों के दौरान 11 अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक मंदिर प्रातः 4 बजे से रात्रि 11 बजे तक तथा 16 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक प्रातः 3 बजे से रात्रि 12 बजे तक खुला रहेगा।
इस अवसर पर पुलिस, जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर परिषद कालका, बिजली, स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।