
गौरव की बात : देवघर के अपरेश सिंह सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनने की अनुशंसा
देवघर।
देवघर के लिए गौरव की बात है। जिले के करौं प्रखंड के चांदचौरा गांव के रहने वाले न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा की गई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 28 सितंबर 2026 को हुई बैठक में उनके नाम की अनुशंसा की गई। वे वर्तमान में तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश हैं।
न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की प्रारंभिक शिक्षा देवघर के आरके मिशन स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1990 में उन्होंने अधिवक्ता के रूप में अपने न्यायिक करियर की शुरुआत की। वर्ष 2000 तक उन्होंने पटना हाईकोर्ट में वकालत की। झारखंड गठन के बाद वर्ष 2001 से उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में वकालत शुरू की।
24 जनवरी 2012 को उन्हें झारखंड हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। अप्रैल 2023 में वे त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने और जुलाई 2025 में उनका स्थानांतरण तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में हुआ।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद देवघरवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले की धरती से निकलकर देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंचना पूरे देवघर के लिए गर्व की बात है।