बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान से राज्य के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने 2030 तक बिहार में करीब 1 करोड़ नौकरी और रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा। इसके साथ ही छात्रों के लिए 17 अगस्त से विद्यार्थी पोर्टल शुरू करने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने निवेश और औद्योगिक विकास पर भी जोर दिया। सरकार ने बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का रोडमैप पेश किया है। इसके तहत नए उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने की योजना है। राज्य में 589 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे और 12 नए सैटेलाइट शहर विकसित करने का भी रोडमैप बताया गया।
महिला सुरक्षा के लिए स्कूल-कॉलेजों के आसपास ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की बात कही गई। वहीं गरीब परिवारों के लिए सौर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं पर भी जोर दिया गया।