
डांगिलबेड़ा में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित, विजेता टीमों को किया गया पुरस्कृत
सरायकेला: कुचाई प्रखंड के डांगिलबेड़ा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पीआरडी ब्रदर्स की ओर से दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और रोमांचक मुकाबलों में अपनी प्रतिभा दिखाई।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में राज शंकर की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जिसे 20 हजार रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं नरेश एफसी की टीम उपविजेता रही और उसे 15 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।
तीसरे स्थान पर कृष्ण एफसी और चौथे स्थान पर हेम्ब्रम एफसी की टीम रही। दोनों टीमों को 10-10 हजार रुपये की नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा पांचवें से आठवें स्थान तक रहने वाली टीमों को भी समिति की ओर से नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आयोजन समिति को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में सैनाथ मुंडा, लखीराम मुंडा, नोयल पुरती, जगदीश मुंडा, रामसिंह मुंडा समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
#Dangilbera #FootballTournament #Kuchai #SeraikelaKharsawan #SonaramBodra #FootballCompetition #IndependenceDay #15August #Jharkhand #Seraikela #KuchaiNews #JharkhandNews #RuralFootball #SportsNews #FootballNews #ChhotanagpurLive #ChhotanagpurLiveNews #झारखंडसमाचार #सरायकेला #कुचाई #फुटबॉलप्रतियोगिता #स्वतंत्रतादिवस