
कालका में ढाबे का ताला तोड़कर चोरी करने वाला 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, चोरी हुआ सामान बरामद
पंचकूला/कालका/14 अगस्त:- पंचकूला पुलिस द्वारा चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक और चोरी की वारदात को सुलझाया गया है। क्राइम ब्रांच-3 पंचकूला की टीम ने कालका क्षेत्र में एक ढाबे में चोरी के मामले में 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी हुआ सामान बरामद किया है।
मामले के संबंध में कालका निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर थाना कालका में 7 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 5 जुलाई की रात ढाबा बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने ढाबे का ताला तोड़कर करीब दो गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी कर लिया था।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने 13 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रभारी तजिंदर पाल सिंह की अगुवाई में आरोपी अमित कुमार उर्फ कालिया (19), निवासी जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी लोहगढ़, पिंजौर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा दिए गए खुलासा बयान के आधार पर 14 अगस्त को चोरी हुआ सामान बरामद किया गया। आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।