
कर्मचारियों-पेंशनरों को मिलेगा एरियर, स्वतंत्रता दिवस पर CM सुक्खू की बड़ी घोषणाएं
हमीरपुर:बड़सर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 15 अगस्त 2026 को बड़सर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कर्मचारियों, पेंशनरों और स्वास्थ्य विभाग को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारी और पेंशनर हितैषी है। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार प्रदेश पर वेतन और पेंशन एरियर के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी छोड़ गई थी। कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद वर्तमान सरकार अब तक करीब 2170 करोड़ रुपये से अधिक के वेतन और पेंशन एरियर का भुगतान कर चुकी है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि क्लास-4 कर्मचारियों को इसी माह वेतन एरियर का अतिरिक्त 20 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। वहीं, वर्ष 2016 से दिसंबर 2021 के दौरान सेवानिवृत्त क्लास-3 पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन एरियर का अतिरिक्त 30 प्रतिशत इसी माह दिया जाएगा।
इसके अलावा क्लास-1 और क्लास-2 पेंशनर्स तथा पारिवारिक पेंशनर्स को पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन एरियर का 15 प्रतिशत भुगतान भी इसी माह किया जाएगा। इन भुगतानों पर प्रदेश सरकार करीब 281 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 4 हजार पद भरने की घोषणा भी की। साथ ही उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2027 तक प्रदेश में कोई भी डॉक्टर सेवानिवृत्त नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के लिए लगातार काम कर रही है।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #HimachalPradesh #CMThakurSukhvinderSinghSukhu #Barsar #HimachalNews