
सोनौली सीमा पर 600 ग्राम चरस जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद, नेपाली नागरिक हिरासत में ।
महराजगंज, 23 सितंबर। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी की 22वीं वाहिनी की ‘बी’ समवाय टीम ने सोनौली सीमा पर एक नेपाली नागरिक के कब्जे से 600 ग्राम चरस जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया। मामले में नेपाली नागरिक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, क्षेत्रीय मुख्यालय गोरखपुर को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर की शाम करीब 7:20 बजे सोनौली सीमा पर नियमित बस चेकिंग के दौरान यात्रियों और उनके सामान की एक्स-रे जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक चाउ-चाउ के कार्टून में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। कार्टून की तलाशी लेने पर टेप से लिपटा एक पैकेट बरामद हुआ, जिसमें चरस जैसा संदिग्ध पदार्थ मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर उसका वजन 600 ग्राम पाया गया।
तलाशी के दौरान 11,200 नेपाली मुद्रा और 320 रुपये भारतीय मुद्रा भी बरामद हुए। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान धीरेन्द्र धर्ती मगर (31), निवासी ग्राम निसी, जिला बाग्लुङ, गण्डकी प्रदेश, नेपाल के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने उक्त संदिग्ध पदार्थ रोशन नामक व्यक्ति, निवासी पंचासे, गण्डकी प्रदेश, नेपाल से खरीदा था। उसके अनुसार वह इसे सोनौली सीमा के रास्ते दिल्ली और वहां से शिमला ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था।
एसएसबी ने बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ और अन्य सामग्री को नियमानुसार जब्त करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की। 23 सितंबर को सुबह 9:45 बजे आरोपी को बरामद सामग्री समेत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, क्षेत्रीय मुख्यालय गोरखपुर को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया।