
**शहीदों की धरती पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस**
--मुख्य समारोह में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित
--कलेक्ट्रेट में डीएम ने फहराया तिरंगा, शहीदों व महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
शाहजहांपुर। शहीदों की धरती शाहजहांपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक तिरंगा शान से लहराया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। वहीं मुख्य समारोह छावनी परिषद शहीद संग्रहालय में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में हुआ। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रातः महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद नगर निगम परिसर स्थित शहीदों की प्रतिमाओं तथा शहीद उद्यान पार्क में बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल में राष्ट्रभक्ति का रंग भर दिया। डीएम ने प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया गया। उन्होंने कहा कि लड़ाइयां किसी भी देश को विकास की दिशा में पीछे ले जाती हैं, जबकि भारत आज तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। देश की सीमाएं सुरक्षित रहें, अर्थव्यवस्था मजबूत हो और प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करे, तभी जिला, प्रदेश और देश निरंतर प्रगति करेगा। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर तथा उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसे हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा से काम करते हुए आर्थिक विकास में योगदान देना होगा। मुख्य समारोह से पूर्व वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्यसभा सांसद मिथिलेश कठेरिया, सांसद अरुण कुमार सागर, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी सुधीर गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ काकोरी एक्शन के अमर नायकों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रीय गीत का गायन हुआ। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में देश नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। नशे से दूर रहकर युवा अपनी प्रतिभा को निखारें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। गरीब वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग जैसी पहल महत्वपूर्ण हैं। महिलाओं के सशक्तीकरण और उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। प्रत्येक नागरिक आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में अपना योगदान दे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन से आरक्षियों की रैली निकाली गई। विभिन्न मार्गों से होते हुए रैली खिरनीबाग स्थित रामलीला मैदान पहुंची। यहां शहीदों को सलामी दी गई। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, सीईओ कैंटोनमेंट हर्षिता, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, छावनी परिषद के अवधेश दीक्षित समेत अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में समां बांध दिया। अंत में जिलाधिकारी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आयोजन में सहयोग करने वालों का आभार व्यक्त किया।
Suresh Kumar Khanna
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar