
सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट डाला या शेयर किया तो जेल होगी, प्रदेश में 15 हजार मोबाइल नंबर ब्लॉक
चूरू ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील कंटेंट और चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर नकेल कसने के लिए राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम विंग और साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर ने बड़ा कदम उठाया है। चूरू जिले में भी ऐसे मामले सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। एसपी निश्चय प्रसाद एम के अनुसार मुख्यालय के निर्देश पर जिले में बार-बार ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए गए रिपीट ऑफेंडर्स पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साइबर सेल तकनीकी विश्लेषण के जरिए डिजिटल ट्रेल को खंगाल रही है। राज्य स्तर पर की गई इस कार्रवाई में इंस्टाग्राम, फेसबुक, स्नैपचैट, वॉट्सएप और टेलीग्राम से जुड़े करीब 7,800 यूआरएल और प्रोफाइल ब्लॉक करवाए हैं। चाइल्ड पोर्नोग्राफी में इस्तेमाल हो रहे 15326 मोबाइल नंबर और 100+ डिजिटल डिवाइस को ब्लॉक कर दिया है। सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट डालने या शेयर करने पर सीधे जेल होगी। एसपी निश्चय ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि साइबर अपराधी अश्लील सामग्री फैलाने के लिए टेलीग्राम और डिस्कॉर्ड जैसे प्लेटफॉर्म पर गुप्त या पेड ग्रुप बनाते हैं। कोडेड शब्दों, हैशटैग और फेक आईडी का इस्तेमाल करते है। अश्लील सामग्री सीधे भेजने के बजाय गूगल ड्राइव या अन्य क्लाउड स्टोरेज पर अपलोड कर सिर्फ लिंक शेयर करते हैं।एसपी ने कहा कि बच्चा इंटरनेट पर क्या देख रहा है और किन ग्रुप्स से जुड़ा है, उस पर अभिभावकों को नजर रखनी चाहिए। बाल यौन शोषण संबंधी सामग्री देखना या शेयर करना पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट व बीएनएस के तहत गैर जमानती अपराध है। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना दे सकते हैं। एसपी ने बताया कि एनसीएमईसी की टिपलाइन रिपोर्ट्स और डिजिटल डेटा के विश्लेषण के आधार पर करीब 25 हजार इनपुट जुटाए गए हैं। इस कार्रवाई के तहत चूरू सहित नागौर, अलवर, खैरथल-तिजारा, सीकर, हनुमानगढ़ और चित्तौड़गढ़ जिलों के संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। एक सप्ताह पहले ही बीदासर क्षेत्र के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। कुछ मामले और सामने आए हैं, जिस पर कार्रवाई की जा रही है।
#follower #nonfollowers #viralpost
#highlightseveryone #highlights #fb #trendingnow
Churu, Churu | Sep 29, 2026