
घर का ताला तोड़कर चोरी के मामले में तीन गिरफ्तार, पांच दिन के रिमांड पर...
सेक्टर-29 में एक मकान का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली के उत्तम नगर निवासी शिवम, राहुल और सोनू के रूप में हुई है। तीनों पुलिस टीम पर फायरिंग के एक अन्य मामले में नीमका जेल में बंद थे। पुलिस ने उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लेकर इस मामले में गिरफ्तार किया और अदालत से पांच दिन का रिमांड हासिल किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-29 निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि 12 सितंबर की शाम वह अपने पति के साथ किसी काम से दिल्ली गई थीं। वापस लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखी नकदी और आभूषण गायब थे। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-31 में चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। आरोप है कि उन्होंने 12 और 13 सितंबर की दरमियानी रात रॉड से मकान का ताला तोड़ा और अलमारी से नकदी व आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, सोनू के खिलाफ दिल्ली और फरीदाबाद में चोरी के 27 मामले दर्ज हैं। वहीं, शिवम और राहुल के खिलाफ दिल्ली में चोरी के 12-12 मामले दर्ज हैं।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से चोरी की नकदी व आभूषण की बरामदगी, वारदात में इस्तेमाल सामान और अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता के बारे में पूछताछ कर रही है।